देहरादून: प्रदेशभर में मानसून की वर्षा जारी है। मंगलवार दोपहर बाद देहरादून के कई क्षेत्रों में दो घंटे मूसलधार वर्षा हुई। बुधवार को देहरादून के अलावा नैनीताल चम्पावत और बागेश्वर जनपदों में कहीं कहीं एक से दो दौर भारी वर्षा हो सकती है। इन जनपदों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार सुबह देहरादून में झमाझम बारिश हुई। देहरादून तेज वर्षा के बाद चंद्रबनी से बहने वाले रपटे में उफान आ गया। मसूरी और समीपवर्ती क्षेत्रों में मंगलवार दोपहर बाद से लगातार बारिश हो रही है। रुड़की में सुबह से रुक रुक कर बारिश हो रही है। उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। हरिद्वार में भी सुबह से बारिश होती रही। चमोली में बदरीनाथ हाईवे नन्दप्रयाग, पागलनला, कमेड़ा में मलबा आने से अवरूद्व है। पागलनाला में हाइवे सुचारू हो गया है।
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग दो स्थानों पर अवरुद्ध हुआ है। जबकि यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डाबरकोट के पास अवरुद्ध हुआ। जनपद उत्तरकाशी में मंगलवार की रात को हुई वर्षा के कारण गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग गंगोरी और नेताला के पास भूस्खलन होने से अवरुद्ध हुआ। गंगोरी के पास करीब 5 घंटे तक राजमार्ग अवरुद्ध रहा। जबकि नेताला के पास अभी राजमार्ग सुचारू नहीं हुआ है। राजमार्ग को सुचारु करने के लिए बीआरओ की टीम जुटी हुई है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डाबरकोट के पास देर रात को अवरुद्ध हो गया था। जिसे राष्ट्रीय राजमार्ग बड़कोट खंड की टीम ने सुबह 8.00 बजे सुचारु कर दिया है। जनपद में वर्तमान में मौसम साफ है।
दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 33.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार को देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं कहीं भारी वर्षा हो रही है। इसे देखते हुए इन जनपदों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के चार जनपदों के अलावा अन्य पर्वतीय जनपदों में कहीं.कहीं गर्जन और बिजली चमकने के साथ मध्यम वर्षा हो सकती है।
Related Stories
4 February 2026
