देहरादून: उत्तराखंड में दून समेत मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क है और दिनभर धूप खिल रही है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडराने लगे हैं। पहाड़ से मैदान तक तापमान सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। चोटियों पर हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में वर्षा हो सकती है।
बुधवार को सुबह दून में हल्की धुंध छायी रही। हालांकि दोपहर में तेज धूप खिली और पारा भी सामान्य से करीब पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। दून समेत आसपास के तमाम क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बरकरार रहने वाली है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में भी पाला मुश्किलें बढ़ा रहा है। दिन भर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडराते रहे और बारिश-बर्फबारी के आसार बने हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आज प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने के साथ ही कहीं-कहीं हल्की वर्षा और बर्फबारी होने के आसार हैं।
उन्होंने बताया कि मैदानी क्षेत्रों में धूप खिली रह सकती है। 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना है। जिससे पारे में भी गिरावट आ सकती है। इससे ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों से ठंड में सेहत का अधिक ख्याल रखने की अपील की है।
