देहरादून: दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है और दिनभर तेज धूप खिल रही है। जिससे तापमान में भी वृद्धि होने लगी है। अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक पहुंच गया है और रात को भी पारे में उछाल से ठंड कम हो गई है।
ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना रह सकता है। मौसम विभाग की ओर से सोमवार को पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने और कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की आशंका जताई गई है। दून में रविवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा। दिनभर चटख धूप खिली रही। ऐसे में तापमान भी इस माह पहली बार 28 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है जो कि सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
इसके अलावा न्यूनतम तापमान भी पहली बार 12 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। जिससे सुबह-शाम ठंड काफी कम हो गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडरा रहे हैं लेकिन फिलहाल कहीं वर्षा-बर्फबारी के आसार नहीं हैं। इसके साथ ही ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने के आसार हैं। देहरादून में भी कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। तापमान सामान्य से अधिक बना रहने का अनुमान है।
नैनीताल मौसम विभाग ने एक और पश्चिमी विक्षोभ की चेतावनी जारी कर दी है। जिसका असर बुधवार से नजर आना शुरू हो जाएगा। ऊंची चोटियों में हिमपात की संभावना रहेगी जबकि नैनीताल सरीखे क्षेत्रों में हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है।जलवायु परिवर्तन के चलते मौसम में भारी बदलाव आने लगे हैं। जिस कारण ऋतुएं आगे खिसक रही हैं और शीतकाल भी 15 से 25 दिन आगे खिसक चुका है। जिसका असर मध्य मार्च से आगे तक रह सकता है। फरवरी में समाप्त होने वाले पश्चिमी विक्षोभ मार्च तक सक्रिय रहने लगे है। बुधवार को उठ रहा विक्षोभ इस माह का दूसरा है।
राज्य मौसम विभाग की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार व गुरुवार को मौसम में तब्दीली आएगी। हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है जबकि 32 सौ मीटर से अधिक ऊंचाई वाले हिस्सों में हिमपात की संभावना है। इधर सरोवर नगरी में रविवार को अधिकांश समय घने बादल आसमान में छाए रहे। हल्का कोहरा भी पूरे दिन दस्तक देता रहा।
Related Stories
4 February 2026
