देहरादून: उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं और कहीं-कहीं वर्षा का क्रम भी जारी है। खासकर कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा के दौर हो रहे हैं। दून में भी धूप और बादलों की आंख-मिचौनी के बीच हल्की बौछारें दर्ज की गईं। ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना रहने की उम्मीद है।
पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। जबकि देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने और हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। इसके अलावा मानसून के उत्तराखंड में इसी सप्ताह दस्तक देने की उम्मीद है।
सोमवार को सुबह से ही दून में आंशिक बादल मंडराते रहे दोपहर बाद कुछ क्षेत्रों में बौछारें पड़ीं। जिससे उमस से राहत मिली। दून का अधिकतम तापमान भी सामान्य के करीब रहा। वहीं विकासनगर और मसूरी में झमाझम वर्षा हुई। मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में वर्षा के बाद ठंड महसूस की गई। उधर पौड़ी के ज्यादातर क्षेत्रों में जोरदार वर्षा के दौर हुए। जबकि कुमाऊं में रानीखेत, टनकपुर, डीडीहाट, बेरीनाग, द्वाराहाट आदि क्षेत्रों में मेघ खूब बरसे। जिससे उक्त क्षेत्रों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा शेष जिलों में भी आंशिक बादल छाये रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की आशंका है। अगले कुछ दिन तापमान सामान्य व सामान्य से नीचे बना रह सकता है। चारधाम व यात्रा मार्गों पर भी आंशिक बादलों के बीच बौछारों के दौर हो सकते हैं।
Related Stories
3 July 2025
28 June 2025