Related Stories
21 March 2026
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला और युवक मंगल दलों को सम्मानित किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने घोषणा की कि स्वामी विवेकानंद द्वारा उत्तराखंड की पावन भूमि पर तपस्या और साधना से जुड़े स्थलों को चिह्नित कर राज्य में स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा।
सीएम धामी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद आधुनिक भारत के युगद्रष्टा थे, जिन्होंने विश्व को भारत की सनातन संस्कृति, दर्शन और अध्यात्म से परिचित कराया। शिकागो में दिए गए उनके ऐतिहासिक उद्बोधन ने भारत की आध्यात्मिक शक्ति को वैश्विक पहचान दिलाई। उनका दृढ़ विश्वास था कि युवा शक्ति ही राष्ट्र के पुनर्जागरण का सबसे सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि कोई भी राष्ट्र तब तक पूर्ण रूप से विकसित नहीं हो सकता, जब तक उसकी युवा शक्ति संगठित, आत्मनिर्भर और राष्ट्रवाद की भावना से प्रेरित न हो। युवा देश की सबसे बड़ी पूंजी हैं, जो अपने परिश्रम और संकल्प से सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार कर सकते हैं।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला एवं युवक मंगल दलों के साथ-साथ भाषण प्रतियोगिता और एनएसएस पुरस्कार विजेता युवाओं को भी सम्मानित किया गया।
