Related Stories
6 August 2026
देहरादून। उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी न होने के कारण इन दिनों सूखी ठंड लोगों को परेशान कर रही है। कोहरे के असर से मैदानी इलाकों की रातें पहाड़ी क्षेत्रों की तुलना में अधिक सर्द हो गई हैं। यही कारण है कि पर्वतीय जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर, जबकि मैदानी इलाकों में सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है।
शुक्रवार को प्रदेशभर में दिन के समय चटक धूप खिली, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 21.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके विपरीत मुक्तेश्वर और नई टिहरी जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
विशेष रूप से 3400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 21 जनवरी तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है।
