उत्तराखंड । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की। इस दौरान राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से चारधाम यात्रा के दौरान व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की 100 प्रतिशत आपूर्ति बनाए रखने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली इस यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे गैस सिलेंडरों की मांग काफी बढ़ जाती है।
सीएम धामी के अनुसार, इस अवधि में राज्य को करीब 9.67 लाख व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की जरूरत होती है। साथ ही उन्होंने मानसून के दौरान संभावित आपदाओं को देखते हुए अतिरिक्त 5 प्रतिशत (लगभग 48 हजार से अधिक) सिलेंडरों का आवंटन भी सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पर्वतीय और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों के लिए एलपीजी गैस बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए समय पर पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि चारधाम यात्रा सुचारू, सुरक्षित और निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
