देहरादून । वीकेंड की शुरुआत के साथ ही देहरादून का ट्रैफिक सिस्टम चरमरा गया। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर आशारोड़ी से लेकर मां डाट काली मंदिर तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें वाहन घंटों फंसे रहे।
दिल्ली, मेरठ और सहारनपुर जैसे शहरों से बड़ी संख्या में पर्यटक वीकेंड मनाने और चारधाम यात्रा के लिए देहरादून पहुंचे। भारी वाहनों के दबाव के कारण एक्सप्रेसवे का एलिवेटेड रोड पूरी तरह जाम हो गया। स्थिति ऐसी रही कि लोग शहर के बाहरी क्षेत्र तक तो करीब ढाई घंटे में पहुंच गए, लेकिन शहर में प्रवेश करने में घंटों लग गए।
शुक्रवार दोपहर से शुरू हुआ यह जाम शाम करीब चार बजे तक जारी रहा। इस दौरान वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ते रहे। जाम का असर सिर्फ बाहरी इलाकों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि शहर के अंदरूनी हिस्सों में भी यातायात प्रभावित हुआ।
स्थानीय लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में पर्यटकों के एक साथ पहुंचने और लॉन्ग वीकेंड की वजह से यह स्थिति बनी। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद यह पहला बड़ा वीकेंड था, जिसमें इतनी भीड़ देखने को मिली।
प्रशासन की ओर से भविष्य में ऐसे हालात से निपटने के लिए ट्रैफिक प्रबंधन को और बेहतर बनाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
