देहरादून: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड बना रही है। अब तक बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कुल 53 लाख 23 हजार 401 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बदरीनाथ और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
आंकड़ों के मुताबिक, बदरीनाथ धाम में अब तक करीब 18.10 लाख, केदारनाथ धाम में 15.57 लाख, गंगोत्री धाम में 8.41 लाख और यमुनोत्री धाम में 7.50 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
पिछले वर्ष इसी अवधि में चारों धामों में करीब 46 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे। इस वर्ष यात्रा में अभी लगभग डेढ़ माह का समय शेष है, ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
हेमकुंड साहिब में भी बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या
चारधाम यात्रा के साथ ही हेमकुंड साहिब की यात्रा में भी श्रद्धालुओं की अच्छी संख्या दर्ज की गई है। इस वर्ष अब तक 3 लाख 52 हजार 765 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब के दर्शन कर चुके हैं।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर प्रशासन का फोकस
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों और धामों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। राज्य और जिला स्तर के अधिकारी यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।
