लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट क्षेत्र में तेंदुए के हमले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सुड डूंगरी गांव में घर लौट रहे 13 वर्षीय हिमांशु पुजारी पर तेंदुए ने हमला कर दिया और उसे उठाकर खेतों की ओर ले गया। इस घटना में किशोर की मौत हो गई। इकलौते बेटे को खोने के बाद परिवार में मातम पसरा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
जानकारी के अनुसार, हिमांशु देर शाम मेला देखकर घर लौट रहा था। इसी दौरान घर से महज 40 मीटर की दूरी पर घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे खींचकर खेतों की ओर ले गया। काफी देर तक हिमांशु के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की।
करीब रात 9:30 बजे हिमांशु का शव घर से लगभग 40 मीटर दूर खेतों में मिला। परिजन आनन-फानन में उसे लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वहीं, तेंदुए के हमले में किशोर की मौत से ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी और पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

