देहरादून : दून में हल्के बादल छाने के बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दून का तापमान इस सीजन में 35 डिग्री सेल्सियस रहने से उमस महसूस की गई। पर्वतीय क्षेत्र चमोली, पौड़ी, उत्तरकाशी व रुद्रप्रयाग जनपदों में कही-कहीं बादल छाये रहे, लेकिन वर्षा नहीं हुई। मैदानी क्षेत्र हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने से गर्मी के साथ उमस भी महसूस की गई।
देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 35.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेश में कहीं-कहीं 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही चंपावत, नैनीताल एवं ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाये रह सकते हैं और गर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। 3,500 मीटर से अधिक ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है।
