देहरादून: उत्तराखंड में मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है और पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडरा रहे हैं। मंगलवार शाम को प्रदेश के 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई। जिसके बाद से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में पारे में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
दिनभर हवाएं चलने से दून में भी गर्मी से राहत महसूस की गई। कई क्षेत्रों में सुबह.शाम पारा गिरने से हल्की ठंड महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है और चटख धूप खिलने के आसार हैं। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं कहीं आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। प्रदेश में तापमान सामान्य के आसपास बना रहने का अनुमान है।
दून में मई की शुरूआत मौसम के लिहाज से सुहावनी रही। हालांकि सुबह से ही शुष्क मौसम के बीच ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिली रही। लेकिन दिनभर हवाएं चलने से गर्मी से राहत मिली और सुबह.शाम हल्की ठंडक भी महसूस की गई। मसूरी धनोल्टी समेत अन्य क्षेत्रों में भी ठंड लौट आई।
हालांकि बीते दिनों ज्यादातर क्षेत्रों में पारा तेजी से चढ़ने लगा था। कई मैदानी क्षेत्रों में पारा 38 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले कुछ दिन मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिल सकती है। जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं.कहीं आंशिक बादल मंडराने के आसार हैं। तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है।
