देहरादून: प्रदेश में मंगलवार को मौसम का मिजाज एकाएक बदला दोपहर से चारधाम बदरीनाथ, केदानाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री धामों में बर्फबारी शुरू हो गई जबकि निचले पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने से एकाएक ठंड बढ़ गई है। मैदानी क्षेत्रों में दिनभर बादलों की आंखमिचौली से तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई।
कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई। बुधवार को भी दून समेत तीन जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। तीन हजार मीटर से अधिक ऊंची चोटियों केदारनाथ व बदरीनाथ, औली और हर्षिल की चोटियों पर हिमपात जारी रहने की संभावना है।
मंगलवार को सुबह से ही पर्वतीय जनपद चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी और उत्तरकाशी में घने बादल छाए रहे। यहां बर्फीली हवाएं चलने से ठंड में एकाएक इजाफा हो गया। दोपहर एक बजे से हल्की वर्षा शुरू हुई और चारधामों में बर्फबारी शुरू हो गई। चारधाम के अलावा त्रियुगीनारायण, चोपता, हेमकुंड साहिब, गौरसों, औली, हर्षिल आदि क्षेत्रों में भी बर्फबारी जारी रही।
इसके अलावा निचले क्षेत्र विष्पुप्रयाग, तपोवन, गुप्तकाशी, जोशीमठ, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, श्रीनगर, पांडुकेश्वर, उत्तरकाशी, चंद्रबदनी, यमकेश्वर, बड़कोट आदि क्षेत्रों में तीन से पांच मिमी वर्षा रिकार्ड की गई जिससे इन क्षेत्रा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
उधर देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह जपवदों में दिनभर बादल छाए रहने से तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक अधिक 22.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक कम 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि बीते सोमवार को दून का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा था।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार को देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा होने की संभावना है। ऊंची चोटियों पर हिमपात हो सकता है।
