देहरादून: उत्तराखंड में लगातार मौसम करवट बदल रहा है। राज्य में शुष्क मौसम के कारण अधिकतम तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। दिन में चटख धूप खिलने से देहरादून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में दिन में तपिश महसूस की जा रही है। हालांकि ठंडी हवाएं चलने से ठंड महसूस हो रही है। सुबह और शाम में ठिठुरन बरकरार है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर बढ़ता ही जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के करवट बदलने की आशंका जताई है। जिससे ठंड बढ़ सकती है।
दून में शुक्रवार को सुबह हल्की धुंध छायी रही लेकिन दिन भर तेज धूप खिली रही। जिससे दून के तापमान में एक दिन के भीतर ही करीब चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दून का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस अधिक है।
वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया जिसके चलते रातें सर्द बनी हुई हैं। इसके अलावा शाम को हल्की हवाएं भी कंपकंपी छुटा रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले तीन दिन पर्वतीय इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्र प्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आंशिक बादलों के बीच 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हल्की वर्षा और बर्फबारी होने के आसार हैं। देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने और सुबह हल्का कोहरा छाने की आशंका है।
