देहरादून: उत्तराखंड में मौसम शुष्क है और पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिल रही है। हालांकि पहाड़ों पर बर्फ पिघलने से निचले इलाकों में सर्द हवाएं चल रही हैं। जिससे पारा भी सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है। जिससे ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह-शाम ठिठुरन बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेशभर में मौसम शुष्क बने रहने की आशंका है। जिससे पारे में भी इजाफा हो सकता है। जबकिए शुक्रवार को पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने से लेकर हल्के हिमपात के आसार हैं।
बुधवार को दून में सुबह से ही आसमान साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। इस दौरान मध्यम हवा भी चलती रही। सुबह और शाम को दून में ठंडक बरकरार है।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी फिलहाल आसमान साफ है लेकिन बर्फीली हवाएं कंपकंपी छुटा रही हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किए गए।
दून में ही 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान में दो और न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। इसके साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस कम है। ज्यादातर क्षेत्रों में अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना रह सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार आज प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। तेज धूप खिलने से पारे में मामूली इजाफा हो सकता है। इसके बाद शुक्रवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में आंशिक बादल छाने के साथ ही हल्के हिमपात के आसार हैं। लेकिन 10 व 11 मार्च को मौसम फिर करवट बदल सकता है।
Related Stories
18 September 2026
