देहरादून: मां दुर्गा का विशेष आराधना के दिवस चैत्र नवरात्रि कल रविवार से शुरू हो जाएंगे। कलश स्थापना का मुहूर्त सुबह छह बजकर 13 मिनट से 10 बजकर 22 मिनट तक रहेगा। इस बार आठ दिनों के नवरात्र होंगे।
तृतीया तिथि क्षय होने के कारण दूसरा और तीसरा नवरात्र 31 को ही माना जाएगा। पांच अप्रैल को अष्टमी और छह को नवमी पूजन किया जाएगा। शहर के मंदिरों को भी रंग विरंगी लाइटों व फूलों से सजाया जा रहा है जहां पर नित्य भजन व कीर्तन चलेंगे।
हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नवरात्र घटस्थापना के साथ शुरू हो जाते हैं। नवरात्र के दौरान व्रत धारण कर पूरी श्रद्धा से मां दुर्गा की पूजा अर्चना करने से वह अपने भक्तों पर प्रसन्न होती हैं। जिससे सुख, समृद्धि, धन-ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है।
घरों में अखंड जोत जलाने के साथ नवरात्रि पर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा होती है। चैत्र मास के शुक्ल पत्र की प्रतिपदा तिथि आज शाम चार बजकर 27 मिनट से शुरू होकर रविवार दोपहर 12 बजकर 49 तक रहेगी। ऐसे में रविवार से नवरात्र शुरू होंगे।
इस बार तृतीया तिथि की क्षय होने के कारण द्वितीया और तृतीया एक ही तारीख 31 मार्च को है। उस दिन दो देवी मां ब्रह्मचारिणी और मां चंद्रघंटा की पूजा होगी। इस बार नवरात्रि का आरंभ और समापन दोनों रविवार को हो रहा है जिससे मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आएंगी और इसी पर प्रस्थान करेंगी। हाथी पर माता का आगमन बेहद शुभ माना जाता है जो अच्छे वर्षा चक्र, समृद्धि और खुशहाली का संकेत देता है।
