विकासनगर: सर्टिफिकेट के लिए अब दिव्यांगों को दून की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्वास्थ्य महकमे ने उप जिला चिकित्सालय विकासनगर में सर्टिफिकेट बनाने की व्यवस्था शुरू करा दी है। मंगलवार को पहले दिन पांच दिव्यांगों को दिव्यांगता सर्टिफिकेट जारी किए गए। अस्पताल में माह के हर तीसरे मंगलवार को दिव्यांगों के सर्टिफिकेट बनाने की व्यवस्था की गई है।
पछवादून व जौनसार बावर के कालसी, चकराता, साहिया, डाकपत्थर, विकासनगर, सहसपुर, हरबर्टपुर, कुल्हाल, सेलाकुई, भाऊवाला क्षेत्रों को दिव्यांगों को अभी तक दिव्यांगता सर्टिफिकेट बनवाने के लिए सीएमओ कार्यालय देहरादून जाना पड़ता था। जिससे दिव्यांगों परेशानी हो रही थी। इसी परेशानी को देखते हुए स्वास्थ्य महकमे ने उप जिला चिकित्सालय विकासनगर को सर्टिफिकेट बनाने का अधिकार दे दिया है।
उसी के तहत हाल ही में लगाए गए बहुउददेश्यीय शिविर में भी दिव्यांगों के सर्टिफिकेट जारी किए गए थे। मंगलवार को चिकित्सालय में पांच दिव्यांगों के सर्टिफिकेट बनाए गए हैं। चिकित्सालय विकासनगर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. प्रदीप चौहान के अनुसार अस्पताल में माह के हर मंगलवार को दिव्यांगों के सर्टिफिकेट बनाए जाएंगे।
