देहरादून: उत्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडरा रहे हैं और मैदानी क्षेत्रों में भी धूप-बादलों की आंख-मिचौनी जारी है। हालांकि कहीं-कहीं चिलचिलाती धूप पसीने छुटा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को पहाड़ से मैदान तक ज्यादातर क्षेत्रों में ओलावृष्टि व आंधी चलने को लेकर चेतावनी जारी की गई है। कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। शुक्रवार को दून में सुबह से धूप खिली रही। जिससे पारे में इजाफा हुआ और गर्मी ने हलकान किया। हालांकि दोपहर बाद आंशिक बादल भी मंडराने लगे। जिससे उमस बनी रही। आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आंख-मिचौनी देर शाम तक जारी रही। दून का अधिकतम और न्यूनतम सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में दिन में पारा 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पिथौरागढ़, बागेश्वर व अल्मोड़ा में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से और झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देहरादून, पौड़ी, चंपावत, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर व हरिद्वार में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और आलोवृष्टि हो सकती है। साथ ही 60 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी है। इस दौरान सभी जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।
