देहरादून: दून में रविवार शाम को अचानक मौसम ने करवट बदली और आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया। इसके साथ शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक अंधड़ ने दुश्वारियां बढ़ा दीं। धूल उड़ने से जहां आवाजाही प्रभावित हुई वहीं टिन शेड, बैनर-होर्डिंग भी उड़ गए। शहर की विद्युत आपूर्ति पर भी अंधड़ का सीधा असर पड़ा। जगह-जगह फाल्ट आने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
शहर के करीब आधे इलाकों में शाम को बत्ती गुल रही। कुछ क्षेत्रों में ऊर्जा निगम की ओर से अंधड़ के दौरान एहतियात के लिए पावर कट किया गया। रविवार शाम को दून में शाम को अचानक धूलभरी आंधी चलने लगी। इसके बाद झोंकेदार हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। अंधड़ के दौरान लोग घरों में दुबक गए। सड़कों पर भी दोपहिया वाहन सवारों ने रुककर दुकानों व सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। इसके अलावा विद्युत लाइन आपस में टकराने से धमाकों के साथ बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
पटेलनगर कारगी मार्ग पर स्थित ट्रांसफार्मर का तेज धमाके के साथ फ्यूज उड़ गया जिसे करीब एक घंटे बाद ठीक किया जा सका। उधर नेहरू कालोनी स्थित एलआइसी बिल्डिंग के पास स्थित ट्रांसफार्मर में भी जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। इससे पूरे इलाके की बिजली बाधित हो गई। ऐसे ही कई बड़ी आबादी क्षेत्रों में विद्युत उपकरणों में खराबी आने से आपूर्ति बाधित हो गई।
