देहरादून: प्रदेश के 100 नगर निकायों के चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान संपन्न हो गया। विभिन्न निकायों में मतदाता सूची में नाम गायब होने मतदान की धीमी गति बाहरी व्यक्तियों के बूथों पर पहुंचने एक बूथ पर पत्थर फेंकने को लेकर हुई छिटपुट झड़पों हंगामे व धक्कामुक्की की घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से रात 10 बजे जारी आंकड़े के अनुसार लगभग 66 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जो पिछले चुनाव के मुकाबले 3.78 प्रतिशत कम है। रुद्रप्रयाग जिले में सर्वाधिक 71.15 प्रतिशत और देहरादून में सबसे कम 55 प्रतिशत के लगभग मतदान हुआ।
आयोग के मुताबिक अंंतिम आंकड़े आने पर मत प्रतिशत में एक-दो प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। इसके साथ ही निकाय प्रमुखों और पार्षद-सभासद पदों के कुल 1382 पदों के लिए मैदान में उतरे 5405 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया।
देर शाम पोलिंग पार्टियों की वापसी का क्रम शुरू हो गया। मध्य रात्रि तक मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में जमा कराया जाता रहा। मतगणना 25 जनवरी से प्रारंभ होगी।
11 नगर निगम, 43 नगर पालिका परिषद व 46 नगर पंचायतों के चुनाव के लिए गुरुवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। पहले दो घंटों में मतदान की गति धीमी रही और सुबह 10 बजे तक 11.36 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था।
इसके बाद मतदान में तेजी आई और शाम चार बजे तक 56.81 लोग मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। मतदान को लेकर महिलाओं व युवाओं का उत्साह अधिक दिखा।
शाम पांच बजे के बाद भी देहरादून, उधम सिंह नगर, नैनीताल, पौड़ी जिलों के विभिन्न मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी थीं। देर रात तक वहां मतदान संपन्न हुआ।
Related Stories
4 February 2026
