देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की वर्षा ने जोर पकड़ लिया है और बारिश का दौर लगातार जारी है। बारिश से गर्मी और उमस से तो राहत मिली है लेकिन पहाड़ी इलाकों में दुश्वारियां भी बढ़ गई हैं। वहीं चारधाम यात्रा मार्ग भी बार बार अवरुद्ध हो रहा है। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग की ओर से आज भी प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी वर्षा की आशंका व्यक्त की गई है। बुधवार को मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल मं भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं हरिद्वार में सात जुलाई तक कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। नैनीताल जिले में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। रुद्रपुर जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार तक जनपद में कहीं कहीं बहुत भारी वर्षा रेड अलर्ट की संभावना जताई गई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को जिले के सभी शासकीय अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। बुधवार को रुद्रप्रयाग में बादल फटने की घटना हुई। यहां रुमसी देवीदार तोक में बादल फटने के कारण स्कूल का रास्ता व कुछ खेतों में मलबा आया है। उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू किया गया है। डाबरकोट के पास करीब पांच घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध रहा। टिहरी में बादल छाए हैं। सभी राजमार्ग सुचारू हैं। बदरीनाथ हाईवे पागलनाला पीपलकोटी के पास खुला यात्रा जारी। हल्द्वानी में बुधवार तड़के से बारिश जारी है। उत्तरकाशी जिले में वर्तमान समय में जिला मुख्यालय भटवाड़ी मे हल्की वर्षा हो रही है। अन्य सभी तहसील क्षेत्र अन्तर्गत बादल लगे हैं।
